बाड़मेर में 19 लाख 25 हजार लोग करेंगे मतदान आज
बाड़मेर. राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 के तहत जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार, 25 नवम्बर को मतदान होगा। जिलों में मतदान के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2235 मतदान केन्द्रों पर 19,25,574 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिसमें 10,26,486 पुरुष, 8,99,081 महिलाएं तथा 7 ट्रांसजेंडर शामिल है। वहीं 18-19 आयु वर्ग के 92,670 के नव मतदाता प्रथम बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान दलों के लिए पोलिंग टीमों और सुरक्षा दस्तों की विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवानगी हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि कुल 2235 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कुल 68 मतदान केन्द्र शहरी क्षेत्र और 1808 ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं। साथ ही 06 सहायक मतदान केन्द्रों की स्थापना की गई है। कुल 1,117 मतदान केन्द्रों पर लाइव वेबकास्टिंग करवाई जाएगी। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से मतदान केंद्रों पर निगरानी की जाएगी। जिले में 2,235 बैलट यूनिट, 2,235 कंट्रोल यूनिट और 2,235 वीवीपैट मशीनें रिजर्व सहित मतदान कार्य में उपयोग ली जाएगी।
महिला प्रबंधित मतदान केंद्रों के लिए 304 कार्मिक
जिले में 10,668 मतदान कमीज़् मतदान सम्पन्न कराएंगे। 304 महिला मतदान कार्मिक महिला प्रबन्धित मतदान केन्द्रों पर एवं 56 दिव्यांग मतदान कार्मिक दिव्यांग प्रबन्धित मतदान केन्द्रों पर कमान संभालेंगे। सभी मतदान बूथों पर मतदान के लिए व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ लेते हुए वहां आने वाले दिव्यांगजन एवं 80 वर्ष की आयु के वरिष्ठ मतदाता अपना मत बिना किसी असुविधा के डाल सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए कुल 2877 पुलिसकर्मी एवं आरएसी जवान, 1116 राजस्थान होमगार्ड एवं अर्धसैनिक बल के 1512 जवानों को तैनात किया गया है। सघन जांच एवं निगरानी के लिए विधानसभा क्षेत्र बाड़मेर, पचपदरा, गुड़ामालानी एवं चौहटन में 12-12 फ्लाइंग स्क्वॉड तंथा एसएसटी दल तैनात रहेंगे। विधानसभा क्षेत्र शिव, सिवाणा और बायतु में 9-9 फ्लाइंग स्क्वॉड तंथा एसएसटी दल लगाए गए हैं। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर कम से कम 3 क्यूआरटी की उपलब्धता रहेगी।
ईवीएम के लिए इंजीनियर भी तैनात
सभी सेक्टर अधिकारियों को एक-एक अतिरिक्त ईवीएम मशीन भी दी जाएगी। जो ईवीएम संबंधी खराबी की सूचना होने पर सुधार एवं रिप्लेसमेंट की कार्यवाही करेंगे। ईवीएम संबंधी खराबी के त्वरित निराकरण के लिए हर विधानसभा में दो-दो बेल के इंजीनियर भी मौजूद रहेंगे जो सूचना प्राप्त होने पर शीघ्र केन्द्रों पर पहुंचेंगे।
कम्युनिकेशन टीम करेगी संकलन का काम
मतदान के दिन सूचनाओं के त्वरित आदान प्रदान के लिए जिला स्तर पर कम्युनिकेशन टीम बनाई गई है। टीम में नियुक्त अधिकारी- कर्मचारी मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों के पहुंचने की जानकारी, मॉकपोल होने की जानकारी, उसके बाद मतदान शुरू होने, मतदान का प्रतिशत जैसी जानकारियां मतदान केन्द्रों पर नियुक्त कर्मचारियों से चर्चा कर संकलित करेंगे।
source https://www.patrika.com/barmer-news/19-lakh-25-thousand-people-will-vote-in-barmer-today-8605209/
Comments
Post a Comment