अब रात-दिन चलेगा रिफाइनरी निर्माण का कार्य, नाइट शिफ्ट से मिलेगी गति
बाड़मेर. पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी के कार्य को अब गति मिलेगी। दिन के साथ अब नाइट शिफ्ट में भी काम होगा। प्रोजेक्ट को तय समय में पूरा करने के लिए निर्माण में तेजी लाई जाएगी। एचपीसीएल के अनुसार अब तक करीब 60 फीसदी काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी समय में करवाने के लिए 24 घंटे कार्य होगा।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने गुरुवार को पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी प्रोजेक्ट की समीक्षा बैठक कर कार्य को त्वरित गति देने के लिए रात्रि पारी शुरू करने के निर्देश दिए।
पचपदरा में रिफाइनरी में चल रहे निर्माण कार्यों का कलक्टर ने अवलोकन किया तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर रिफाइनरी के कार्यों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने समयबद्ध रूप से प्रत्येक कार्य को उसके निर्धारित समय पर पूर्ण करने को कहा ताकि रिफाइनरी तय समय पर चालू हो सके। इस दौरान उन्हें बताया गया कि रिफाइनरी का 60 फीसदी से अधिक काम पूरा हो गया है तथा शेष काम भी तय समय पर पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह रिफाइनरी मुख्यमंत्री का स्वर्णिम सपना है एवं यह प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। रिफाइनरी के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही पेट्रोकेमिकल उद्योग के विकास से क्षेत्र में भी औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि रिफाइनरी के प्रोजेक्ट को त्वरित गति से पूरा करने के लिए रात्रि शिफ्ट शुरू करें। उन्होंने रात्रि में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ-साथ सभी सुरक्षा मानकों को पूरा कर नाइट शिफ्ट का कार्य आरंभ करने को कहा।
बड़े प्रोजेक्ट से बदलाव दिखने चाहिए
इस दौरान जिला कलक्टर ने सीएसआर के कामों को भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। विशेष कर शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के कामों में तेजी से कार्य पूरा करने को कहा ताकि स्थानीय जीवनस्तर पर इस बड़े प्रोजेक्ट से बदलाव दिखे। उन्होंने पर्यावरण पारिस्थितिकी के कामों को भी समानांतर रूप से अंजाम देने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने रिफाइनरी के अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे प्रोजेक्ट पर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परस्पर विभागीय समन्वय एवं लंबित मुद्दों पर चर्चा की।
वृक्षारोपण के लिए कार्ययोजना तैयार करें
जिला कलक्टर ने बैठक के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था के सबंध में विस्तृत चर्चा की। रिफाइनरी द्वारा सीएसआर मद में पर्यावरण, सड़क, पेयजल, बिजली, अस्पताल, विद्यालय आदि सुविधाएं उपलब्ध कराने के बारे में प्रबंधन द्वारा अवगत कराया गया। पर्यावरण की दृष्टि से वृक्षारोपण के लिए कार्य योजना मानसून प्रारम्भ होने से पूर्व बनाने के निर्देश दिए तथा रिफाइनरी प्रबंधन द्वारा नाचना में पानी की रिजर्वायर के लिए बिजली कनेक्शन के लिए बिजली विभाग को चीफ इंजीनियर के साथ समन्वय के लिए निर्देश दिए गए। साथ ही रिफाइनरी के अन्दर एवं बाहर अनाधिकृत दुकानों को हटाने के लिए उपखण्ड अधिकारी को निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर बालोतरा अश्विनी के पंवार, पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा नितीश आर्य, उपखण्ड अधिकारी बालोतरा विवेक व्यास, तहसीलदार पचपदरा इमरान खां सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
source https://www.patrika.com/barmer-news/pachpadra-refinary-7977336/
Comments
Post a Comment