बालोतरा में रालोपा की महारैली 19 को , रालोपा प्रमुख व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल आएंगे

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की ओर से बजरी, बीमा क्लेम व कंपनियों में स्थानीय लोगों को रोजगार को लेकर बालोतरा में 19 जनवरी को महारैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में रालोपा प्रमुख व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल आएंगे।
रालोपा के प्रदेश महामंत्री उम्मेदाराम बेनीवाल ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में बताया कि बजरी की दर कम करवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बालोतरा में पिछले 92 दिन से पार्टी के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना जारी है। लेकिन सरकार व प्रशासन संवेदनहीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी-कांग्रेस के नेता बजरी माफिया के साथ मिले हुए हैं, उनकी मिलीभगत की वजह से ही बजरी ठेकेदार मनमानी करके आमजनता को लूट रहा है। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 19 जनवरी को बालोतरा में महौरली आयोजित की जा रही है। रालोपा संयोजक नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में महारैली व महापड़ाव डालकर सरकार को घेरा जाएगा।
किसानों के साथ खिलवाड़
बेनीवाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के नुमाइंदों की कमजोर पैरवी व फसल बीमा कंपनी के साथ मिलीभगत की वजह से किसानों के साथ धोखा व खिलवाड़ किया जा रहा है। फसल बीमा क्लेम के नाम पर किसानों से हजारों करोड़ रुपए प्रीमियम राशि वसूली जाती हैं लेकिन क्लेम नहीं दिया जाता है। हर साल हजारों करोड़ रुपए का बड़ा घोटाला होता है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ऐसे ही वाहवाही लेने व किसानों का ध्यान भ्रमित करने के लिए स्वागत के नाम ड्रामा कर रहे है। जो चार महीने पहले कह रहे थे कि किसानों को दस अरब क्लेम मिलेगा वो तीन सौ करोड़ पर सिमट गया। फिर किसानों के आक्रोश की वजह से बीमा कंपनी से मिलकर दो सौ करोड़ बढ़ाकर वाह-वाही लूटना चाहते है। बेनीवाल ने सवाल करते हुए कहा कि क्या किसानों के खाते में हजारों रुपए की जगह कटौती कर घोटाला करते हुए 5 पैसे, दो रुपए, दस-पन्द्रह रुपए पैसे डालने से किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी ? अब किसान व आमजनता जागृत हो चुकी हैं इनके झांसे में आकर भ्रमित नहीं होने वाली है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गजेंद्र चौधरी ने कहा कि अब बजरी, बीमा क्लेम व जिले के ज्वलंत मुद्दों को लेकर आरपार की लड़ाई होगी, 19 को आंदोलन के महापड़ाव स्थल से ही आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। इस दौरान रतनाराम जाखड़, कैप्टन चिमनाराम चौधरी, चूनाराम गोदारा, गोरख हुड्डा, सेड़वा ब्लॉक अध्यक्ष नेपालसिंह चौहान कारटिया, चन्दन सऊ, डूंगरराम सेंवर मौजूद रहे।



source https://www.patrika.com/barmer-news/rlp-7985285/

Comments

Popular posts from this blog

बाड़मेर ने निरस्त कर दिए 73757 और लंबित पड़े 20206

​Education Department Rajasthan: पैदल नहीं अब साइकिल चला स्कूल पहुंचेंगी 7. 5 लाख बालिकाएं

बाड़मेर में 2 दिन बाद से फिर सर्दी के तेवर होंगे तेज