साधारण सभा की बैठक: समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा
साधारण सभा की बैठक: समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा
चौहटन. पंचायत समिति चौहटन की साधारण सभा की बैठक शुक्रवार को प्रधान रूपाराम सारण की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
यह मुद्दे छाए रहे : साधारण सभा की बैठक में पंचायत समिति सदस्यों एवं क्षेत्र के सरपंचों ने बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा एवं सड़क सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठाए। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य हिन्दूसिंह राठौड़ ने भगवती नगर, चौहटन आगौर, केरनाडा को सनाऊ जीएसएस से हटाकर चौहटन जीएसएस से जोड़ने तथा कस्बे एवं आम रहवासी इलाकों के भीतर से निकलने वाली 11 केवी लाइनों को बदलने की मांग रखी। मते का तला के सरपंच सदरदीन ने जीएसएस पर बाउंडरी वॉल नहीं होने से दुर्घटना होने की संभावना को देखते चार दीवारी बनाने की मांग रखी। कुम्भाराम सेंवर ने जैसार, रतासर बांकलसर आदि गांवों में 2018 में डिमांड राशि जमा किए जाने के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। हुड्डों का तला के सरपंच नैनाराम ने कहा कि धारासर, हुड्डों का तला क्षेत्र में बिजली के पोल लगे हुए लेकिन आगे काम नहीं हुआ। केरनाडा के सरपंच जेताराम जाणी ने बताया कि 20 दिन पहले रामसर मार्ग पर 2 विद्युत पोल गिर गए लेकिन सूचना देने पर उनसे रुपये वसूले गए, उन्होंने स्वयं ने किराया व मजदूर लगाकर पोल खड़े करवाए। लीलसर सरपंच ने चौहटन से बाछड़ाऊ सड़क एवं लीलसर पंचायत में पीएमजीवाई की 4 सड़कें क्षतिग्रस्त होकर अनुपयोगी होने का मुद्दा उठाते हुए मरम्मत की मांग की।
काम नहीं होने का आरोप : इस दौरान पंचायत समिति सदस्य हिन्दूसिंह राठौड़ ने साधारण सभा की बैठकें समयबद्ध नहीं होने की बात कहते हुए कहा कि 10 माह बाद मीटिंग हुई है तब तक अधिकारी बदल जाते है, काम नहीं होते है। पूर्व प्रधान कुम्भाराम सेंवर ने इसका समर्थन करते हुए कहा कि जब प्लान मंजूर करवाना होता है तो मीटिंग बुला ली जाती की जाती है। सेंवर ने कहा कि बिलो रेट और पेटी कॉन्टेक्ट के कारण काम की गुणवत्ता खत्म हो गई है। विभाग के अधिकारियों से चर्चा करते हुए विधायक एवं प्रधान सहित जनप्रतिनिधियों ने प्रगति एवं किए गए समाधान के जवाब मांगे तथा तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व विकास अधिकारी छोटूसिंह काजला ने गत बैठक की कार्यवाही का पठन किया जिसका सर्व सहमति से अनुमोदन किया गया। प्रधान रूपाराम सारण ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक के मुद्दों पर प्रगति होने का भरोसा दिलाया। बैठक में चौहटन विधायक पदमाराम मेघवाल एवं शिव विधायक अमीन खान, एसडीएम भागीरथराम, डीवाईएसपी धर्मेन्द्र डूकिया, विकास अधिकारी छोटूसिंह काजला, तहसीलदार गणेशाराम जयपाल भी मौजूद रहे।
source https://www.patrika.com/barmer-news/general-meeting-discussion-on-problems-and-issues-of-public-interest-7852710/
Comments
Post a Comment