बाड़मेर के चौहटन से चुराए 19 लाख के मोबाइल, 3000 किमी दूर पश्चिम बंगाल ले जाकर बेचे
चौहटन में 19 दिन पहले एक मोबाइल की दुकान के शटर तोड़कर 19 लाख की चोरी करने की वारदात का खुलासा करने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। तीन हजार किलोमीटर दूर पश्चिमी बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के एक गांव में चोरी के मोबाइल खरीदारों तक पहुंचकर पुलिस ने दो खरीदारों एवं वारदात को अंजाम देने वाले तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। अज्ञात चोरों ने चौहटन कस्बे के मुख्य बाजार में 20 जुलाई की आधी रात बाद एक गाड़ी से शटर तोड़कर दुकान में रखे 11 लाख के मोबाइल, 6 लाख की मोबाइल एसेसरी सामग्री तथा दो लाख की नगदी सहित 19 लाख की चोरी वारदात को अंजाम दिया था, घटना को लेकर दुकान मालिक खूमाराम पुत्र देवाराम जाट ने मामला दर्ज करवाया था।
पंश्चिम बंगाल तक तार जुड़े पाए गए
चौहटन थानाधिकारी भुटाराम विश्नोई ने बताया कि मोबाइल की दुकान में हुई चोरी के मामले में एएसआई सुभान खान के नेतृत्व में विशेष गठित टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी सहायता एवं सूचनाओं के आधार पर चोरों का पता लगाने के प्रयास शुरू किए, जिस पर बेलडंगा मुर्शिदाबाद पंश्चिम बंगाल तक इनके तार जुड़े पाए गए। उन्होंने बताया पुलिस टीम ने बेलडंगा तक पीछा कर मोहम्मद फारुख हुसैन पुत्र हयातुला शेख एवं निजामुल हक पुत्र अब्दुल नूर को खरीदारों के रूप में पहचान कर दस्तयाब किया तथा पूछताछ की तो उन्होंने तीन युवकों से चोरी की सामग्री खरीदना स्वीकार किया। इस पर गोगाराम पुत्र खेताराम जाट निवासी लखवारा, ओमप्रकाश पुत्र लाखाराम जाट निवासी मगने की ढाणी एवं भूपेंद्र कुमार पुत्र जोगाराम जाट निवासी कौशलू को दस्तयाब कर पूछताछ करने पर उन्होंने वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस पांचों को गिरफ्तार कर पूछताछ व गहन अनुसंधान शुरू किया है।
source https://www.patrika.com/barmer-news/crime-news-5-7703236/
Comments
Post a Comment