कम्पीटिशन एग्जाम या बच्चों की है ये परीक्षा, रविवार को पेपर
बाड़मेर. आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं रविवार से शुरू हो गई। यह पहला अवसर है कि बोर्ड की परीक्षाएं रविवार को हुई है। इस बीच आठवीं बोर्ड के कुछ पेपर आगे भी रविवार को होंगे। परीक्षाओं का लम्बा शैड्यूल अभिभावकों और बच्चों दोनों पर भारी पड़ रहा है, क्योंकि आखिरी पेपर 17 मई को होगा। पूरे एक महीने तक परीक्षा का माहौल रहेगा।
परीक्षा के दौरान यह भी पहला प्रयोग है जब बच्चों को पेपर नहीं मिला और पेपर बुकलेट में ही प्रश्नों के उत्तर लिखवाए गए। ऐसे में बच्चे पेपर नहीं मिलने से काफी मायूस दिखे। हालांकि पेपर काफी आसान आया था। परीक्षा देने के बाद बच्चे खुश थे।
एक महीने का लम्बा शैड्यूल
परीक्षार्थियों और अभिभावकों के लिए आठवीं परीक्षा का एक महीने का लम्बा शैड्यूल परेशानी पैदा कर रहा है। अप्रेल 17 से शुरू हुई परीक्षा पूरे एक महीने बाद 17 मई को खत्म होगी। इस बीच तीन रविवार को भी पेपर देने जाना है। शिक्षा विभाग ने आनन-फानन में ऐसा टाइम टेबल तैयार किया है, जिससे अभिभावकों के गर्मी में घूमने जाने के प्लान फेल हो गए। विभाग के अधिकारियों ने यह टाइम टेबल दूसरी बार बनाया है, जिसमें 1 व 8 मई रविवार को भी परीक्षा देनी है। जबकि पूर्व में बनाए गए टाइम टेबल में 27 अप्रेल को आखिरी पेपर देना था, अब यह 17 मई को होगा। पूर्व के टाइम टेबल में कुल 11 दिन में परीक्षा पूरी होनी थी, अब यह 31 दिनों तक चलेगी।
दूसरा पेपर पूरे 10 दिन बाद
आठवीं बोर्ड के परीक्षार्थियों को दूसरा पेपर 27 अप्रेल को देना है। यह अंग्रेजी विषय का होगा। जबकि परीक्षा में परम्परा रही है कि पहला पेपर अंग्रेजी विषय का होता रहा है और रविवार को भी परीक्षा नहीं होती है। अब शिक्षा विभाग ने नई परिपाटी शुरू की है।
54678 विद्यार्थी रहे उपस्थित
प्रारम्भिक शिक्षा पूर्णता प्रमाण पत्र परीक्षा के दौरान जिले के 478 परीक्षा केन्द्रों पर कुल पंजीकृत विद्यार्थी 57084 में से 54678 ने परीक्षा दी। वहीं 2406 अनुपस्थित रहे। परीक्षा प्रभारी मांगसिंह राठौड़ ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर नकल रोकने के लिए 4 उडऩदस्ते का गठन किया गया है। पहले दिन सभी केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।
पेपर नहीं मिला
हमें पेपर नहीं मिला, ऐसा नहीं होना चाहिए। अपने टीचर और अभिभावकों को हम क्या बताएंगे। प्रश्न-पत्र मिलता तो अच्छा होता।
प्रभव, परीक्षार्थी
source https://www.patrika.com/barmer-news/8th-board-exam-7473485/
Comments
Post a Comment