अवैध ट्रांसफॉर्मर सहित 14 स्थानों पर पकड़ी बिजली चोरी
बाड़मेर. डिस्कॉम की ओर से विद्युत चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को सेड़वा क्षेत्र में एक अवैध ट्रांसफॉर्मर जब्त कर 80 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जोधपुर डिस्कॉम बाड़मेर के अधीक्षण अभियंता अजय माथुर ने बताया कि सेड़वा उपखण्ड में कनिष्ठ अभियंता घनश्याम मय टीम ने कुंदनपुरा गांव में गैर उपभोक्ता पताराम पुत्र जैसाराम के यहां अवैध मॉडीफाइड ट्रांसफॉर्मर से 11 केवी लाइन एक फेज पर अंकुडिय़ा लगाकर थ्रीफेज कन्वर्ट कर मोटर लगा कृषि कार्य करते हुए पाए जाने पर अवैध मॉडिफाइड ट्रांसफॉर्मर जब्त किया। उसके खिलाफ 80340 रूपए का जुर्माना लगाया गया।
13 स्थानों पर पकड़ी विद्युत चोरी:अजय माथुर ने बताया कि पचपदरा सहायक अभियंता नवलकिषोर मीणा एवं कनिष्ठ अभियंता गौरव मीणा मय टीम ने 11 स्थानों पर विद्युत चोरी पकडक़र 2.15 लाख का जुर्माना लगाया। इसमें डोली में 2, अराबा चौहान में 2, राजगुरों की ढाणी में 1 एवं परालिया में 6 स्थानों पर 10 घरेलू एवं एक व्यवसायिक श्रेणी के तहत विद्युत चोरी पकड़ी गई।
शहर प्रथम बाड़मेर के कनिष्ठ अभियंता जितेन्द्र खत्री मय टीम ने सुरा गांव व रावली नाडी में विद्युत चोरी पकड़ जुर्माना लगाया। जीवनदान पुत्र रतनदान सुरा चारणान पर 3800 रुपए, अनाराम पुत्र जेसाराम लोपल नाडी नांद पर 47 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
source https://www.patrika.com/barmer-news/electricity-theft-caught-at-14-places-including-illegal-transformers-7195317/
Comments
Post a Comment