बेमौसमी बारिश से फसलों में नुकसान



बाड़मेर. जिले में बेमौसम की बारिश के चलते खेतों में खड़ी ईबसगोल की फसल को नुकसान हुआ है। पकी पकाई फसल पर पानी गिरने से फसल जलने व उत्पादन कम होने की आशंका है। बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को शिव, चौहटन व बाटाडू क्षेत्र में बारिश हुई है।
गौरतलब है कि जिले में एक लाख दस हजार हैक्टेयर में ईसबगोल की बुवाई की हुई है। इससे करीब छह अरब का उत्पादन होने की संभावना बताई जा रही है। शुक्रवार को मौसम बदलाव के बाद आंधी के साथ बारिश होने से ईसबगोल की फसल का सर्वाधिक नुकसान होने की आशंका है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. प्रदीप पगारिया ने बताया कि बारिश के बाद फसल में खराबा की आशंका रहेगी। इससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
शिव . तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शुक्रवार दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश का दौर चला। जिससे रबी की फसलों को नुकसान हुआ है। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत स्वामी का गांव, नेगरड़ा,झांफली कला, राजडाल, शिव, जोरानाडा, बलाई सहित कई गांवों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी का दौर चला। जिससे इसबगोल व जीरे की फसल को नुकसान हुआ है। किसानों ने बताया कि शुरुआती दौर में बोया जीरा पक गया था। बारिश होने से किसानों को नुकसान हुआ है। जहां जीरा खेतों में ही था, वहां बारिश से भीगने से नुकसान भी हुआ है। किसानों ने स्थानीय प्रशासन से बेमौसमी बारिश के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए हलका पटवारियों से गिरदावरी करवा एबीमा कंपनी से लाभ दिलवाने की बात कही।
बाटाडू. क्षेत्र के कई गांवों में शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक आये मौसम में बदलाव से बाटाडू, सिगोडिया, रेवाली, भीमडा, चौखला, ख़ान जी का तला, रामासर, हुड्डो की ढाणी, रतेऊ, साइयो का तला सहित दर्जनों गांवो में हल्की आंधी व बुंदाबांदी होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें मंडराने लगी है। खेतो में पकी जीरा, इसबगोल की फसलों को तेज हवा व बारिश से दाने झडऩे व खेत खलिहानों में इक_ी फसल को काफी नुकसान हुआ। प्रगतिशील किसान मनोज कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव से फसलों में काफी खराबा हुआ है।
भिंयाड़ . उपखंड क्षेत्र के कई गांव में शुक्रवार को दोपहर बाद आए अचानक मौसम बदलाव से क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश जीरा व इसबगोल की फसलों में नुकसान हुआ है। क्षेत्र के भिंयाड़, रातड़ी, बुधतला, चोचरा, धारवी, बिसुकला, पुषड व अन्य क्षेत्रों में बेमौसमी बारिश ने जीरा और इसबगोल को नुकसान पहुंचाया। तेज हवा और बारिश ने इसबगोल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। भिंयाड़ सरपंच तनेराज सिंह राठौड़ का कहना है कि हलका पटवारी को अवगत करवाया और पटवारी के द्वारा आज मौका देखकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
बायतु. मौसम में अचानक आए बदलाव के बाद शुक्रवार शाम को आंधी के साथ आई बारिश ने कई जगह खेतों में जमकर नुकसान पहुंचाया है। क्षेत्र के छीतर का पार, बांडातालरए, चोखला, खानजी का तला, जोगासर में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा । बांडातालर में खड़ी व खेतों में रखी फसलें जलमग्न हो गई है।
गडरारोड. क्षेत्र में दोपहर बाद अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। दस मिनट चली बारिश में परनाले चले। क्षेत्र में अचानक आई बारिश से इसबगोल की फसलें बर्बाद हो गई।



source https://www.patrika.com/barmer-news/unseasonal-rains-cause-damage-to-crops-6756963/

Comments

Popular posts from this blog

BARMER#बारहवीं में हो गए थे फेल, मेहनत के बल पर बने असिस्टेंट प्रोफेसर

BARMER#रेड से ऑरेंज जोन में बाड़मेर, हर घर नल कनेक्शन की दिल्ली अभी दूर

BARMER#जीएसएस में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर धरना जारी