आपकी बेटी योजना से थार की बेटियां वंचित?

दिलीप दवे बाड़मेर. छोटी उम्र में मां-बाप का साया छीनने के बाद आगे बढऩे की आस लगाए बैठी बेटियों पर विभागीय बेपरवाही भारी पड़ रही है।

सरकार ने तो आपकी बेटी योजना बना इनको लाभान्वित करने का निर्णय कर रखा है लेकिन जिम्मेदार है कि आवेदन ही नहीं कर रहे। एेसे में इन बेटियों को पढ़ाई में संबल मिले भी तो कैसे? स्थिति यह है कि पूरे जिले से अब तक एक भी आवेदन जमा नहीं हुआ है जबकि ३१ दिसम्बर अंतिम तिथि है। समय रहते आवेदन हुए तो सैकड़ों बच्चियों को आर्थिक संबल मिल जाएगा। साधनविहीन बालिकाओं को शिक्षा के साथ आर्थिक संबल प्रदान करने, बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने, राजकीय विद्यालयों में नामांकन व ठहराव वृद्धि के उद्देश्य से आपकी बेटी योजना राज्य सरकार की ओर से वर्ष २००५ से संचालित की जा रही है।

इस योजना में एेसी बालिकाओं को फायदा मिलता है जिनके माता-पिता में से एक या दोनों की मृत्यु हो चुकी है और वह बीपीएल परिवार से है। योजना के तहत एेसी बालिकाओं को आर्थिक मदद मिलने पर उनको आगे बढऩे का संबल मिलता है। पहली से आठवीं तक सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को २१०० व नवीं से बारहवीं में अध्ययनरत बालिकाओं को २५०० रुपए की सहायता राशि मिलती है।

जिले से एक भी आवेदन नहीं- योजना के तहत पूर्व में ३० नवम्बर तक आवेदन मांगे गए थे। बाड़मेर जिले से एक भी आवेदन प्रेषित नहीं किया गया। जबकि जिले में पिछले साल सैकड़ों आवेदन आए थे। एेसे में जिम्मेदारों की बेपरवाही पर सैकड़ों बालिकाओं को उक्त सहायता राशि नहीं मिलने की आशंका है।

अब तिथि बढ़ाई,मांगें आवेदन- अब सरकार की ओर से निदेशक माध्यमिक शिक्षा के मार्फत ३१ दिसम्बर तक आवेदन मांगें गए हैं। एेसे में जल्द ही विद्यालय प्रबंधन की ओर से आवेदन नहीं भेजे गए तो जिले में सैकड़ों बालिकाएं सहायता राशि से वंचित रह जाएगी। गौरतलब है कि आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है।

अब तक नहीं मिले आवेदन- जिले में आपकी बेटी योजना के तहत अब तक एक भी आवेदन नहीं आया है। हमने जिले के सभी संस्था प्रधानों को बता दिया है। अभी भी वक्त है जल्द से जल्द आवेदन करें जिससे कि जरूरतमंद बालिकाओं को सहायता राशि मिल सके।- जेतमालसिंह राठौड़, एडीओ माध्यमिक शिक्षा बाड़मेर



source https://www.patrika.com/barmer-news/thar-s-daughters-deprived-of-your-daughter-scheme-6589980/

Comments

Popular posts from this blog

BARMER#बारहवीं में हो गए थे फेल, मेहनत के बल पर बने असिस्टेंट प्रोफेसर

BARMER#रेड से ऑरेंज जोन में बाड़मेर, हर घर नल कनेक्शन की दिल्ली अभी दूर

BARMER#जीएसएस में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग को लेकर धरना जारी