बाड़मेर में ऑक्सीजन प्लांट के काम पर लगे ब्रेक !
बाड़मेर. बाड़मेर अस्पताल में बनाया जा रहा ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट के काम को ब्रेक लग गया है। पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव के बढ़ते मामलों के चलते ऑक्सीजन की कमी की स्थिति पैदा होने पर प्लांट के काम में गति आई थी। अस्पताल प्रबंधन ने जल्द ही इसका काम पूरा कर उत्पादन शुरू करने का दावा किया था। लेकिन अब तक प्लांट से उत्पादन शुरू नहीं हुआ है।
बाड़मेर अस्पताल में संक्रमितों व अन्य मरीजों को ऑक्सीजन तुरंत उपलब्ध हो सके इसके लिए एनएचएम की ओर से यहां पर प्लांट का काम सितम्बर के आखिरी में शुरू हुआ था। इस बीच मेडिकल कॉलेज संलग्न चिकित्सालय में कोरोना संक्रमितों के कारण ऑक्सीजन की बढ़ती खपत पर अधिकारियों ने बताया था कि प्लांट का निर्माण चल रहा है और कुछ दिनों में बनकर तैयार हो जाएगा। लेकिन प्लांट का काम पूरा नहीं हुआ है। इसलिए अभी भी ऑक्सीजन के भरे हुए सिलेंडर बाहर से ही मंगवाने पड़ रहे हैं।
24 घंटों में 90 सिलेंडर भरे जाएंगे
यहां बनने वाले ऑक्सीजन प्लांट में प्रतिदिन 90 सिलेंडर भरने की क्षमता है। अस्पताल परिसर में ही होने के कारण सिलेंडर लाने ने जाने की समस्या नहीं रहेगी। वहीं मरीजों को यह तुरंत उपलब्ध हो जाएगी।
कोरोना बढऩे पर जल्दी हो रहा था काम
बाड़मेर में बढ़ते कोरोना मरीजों के कारण काम जल्द किया जा रहा था। अस्पताल में संक्रमितों की संख्या 40-50 के बीच हो गई थी। पिछले कुछ दिनों से यह संख्या 17-20 पर आ गई है। ऐसे में ऑक्सीजन की खपत भी कम हो गई तो प्लांट का काम की गति भी मंद हो गई है।
मशीनरी अब लगेगी
प्लांट के निर्माण का काम पूरा हो चुका है। मशीनरी अब लगेगी। हमारी कोशिश है कि दीपावली से पहले काम पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. आरके आसेरी, प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज बाड़मेर
source https://www.patrika.com/barmer-news/barmer-govt-hospital-6472716/
Comments
Post a Comment